ख़बर रफ़्तार, आजमगढ़: एक लड़की की जब शादी होती है तो वो अपने मायके से कई सारे अरमान लेकर ससुराल जाती है, उसके कई सारे सपने होतो हैं। वो जब अपने मायके से ससुराल जाती है तो सोचती है कि जैसे वो अपने पिता के घर में हंसी खुशी से रहती थी, वैसे ही ससुराल में भी रहेगी। लेकिन कुछ लड़कियों ये अरमान पूरे नहीं हो पाते। जी हां, ये हम नहीं बल्कि प्रदेश से हर दहेज के कारण होने वाले ये हत्या के मामले कहते है। ताजा मामला जनपद आजमगढ़ से सामने आया है। जहां एक विवाहिता ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। जिसके बाद विवाहिता के परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए लड़की को जान से मारने का आरोप लगाया है।
दरअसल, मामला जनपद के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नरईपुर रसूलपुर का है। जहां बीते दिन एक विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। जिसके बाद घटना की सूचना मिलते ही लड़की के मायके वाले उसके ससुराल पहुंचे और ससुराल वालों पर दहेज ना मिलने के कारण लड़की को जान से मारने का आरोप लगाया।
परिजनों ने ससुराल वालों पर लगाया जान से मारने का आरोप
मृतिका के भाई शैलेंद्र यादव ने जीयनपुर कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाते हुए कहा कि मेरी बहन अर्चना की शादी 28 मई 2023 को जीयनपुर निवासी सुभाष के साथ हुई थी। शादी में दो लाख रुपए नगद, गहने आदि सामान दिया गया था। इसके बाद भी उसका पति मोटरसाइकिल और 1 लाख रुपए की मांग कर रहा था और बार-बार दहेज के लिए अर्चना को प्रताड़ित कर रहा था। दहेज की मांग पूरा न करने पर ससुराल वालों ने अर्चना को जान से मार कर फांसी पर लटका दिया ताकि सबको लगे कि उसने आत्महत्या की है। वहीं उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान भी हैं।
ससुरालवालों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही पुलिस
वहीं तहरीर के बाद जीयनपुर कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही पुलिस ससुराल पक्ष के कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं ऐसे में जहां एक ओर पुलिस ससुराल वालों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर कार्रवाई की बात कह रही है…तो वहीं दूसरी ओर घटना के बाद सवाल ये खड़ा होता है कि आखिर दहेज के चंद पैसों के लिए कोई व्यक्ति अपनी ही पत्नी को कैसे मार सकता है, वो भी उसे जिसके साथ उसने सात फेरों के साथ जीने मरने की कसमें खाई थी।
