ख़बर रफ़्तार, नई दिल्ली: गृह मंत्रालय ने दिल्ली विधानसभा सचिव राज कुमार के खिलाफ सख्त एक्शन लिया है। गृह मंत्रालय ने अनियमितताओं के लिए दिल्ली विधानसभा सचिव और कैडर अधिकारी को निलंबित किया है।
मुझे खुद को समझाने का मौका नहीं दिया गया- राज कुमार
इस संबंध में राज कुमार ने पीटीआई से कहा, “मुझे अपने निलंबन के बारे में गृह मंत्रालय का आदेश मिल गया है। यह एक पुराना मामला है और मुझे खुद को समझाने का कोई मौका नहीं दिया गया इसलिए मेरे पास अब कहने के लिए और कुछ नहीं है।”
16 अप्रैल को जारी गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार, राज कुमार के खिलाफ “अनुशासनात्मक कार्यवाही” पर विचार किया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि इससे पहले, 3 नवंबर, 2022 को एक लोकपाल पीठ ने केंद्रीय सतर्कता आयोग को उपलब्ध दस्तावेजों और चल रहे अदालती मामलों पर ध्यान देने और जिम्मेदारी तय करने और फ्लाईओवर के निर्माण से संबंधित अतिरिक्त भुगतान की वसूली करने को कहा था।
