खबर रफ्तार, गोरखपुर: गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) में भीषण गर्मी के बीच एक दुखद घटना सामने आई है। चिलुआताल थाना क्षेत्र के बंजरहा गांव के रहने वाले तीन दोस्त गर्मी से राहत पाने के लिए राप्ती नदी में नहाने गए थे, लेकिन यह सैर उनके लिए हादसे में बदल गई। नहाते समय तीनों युवक गहरे पानी की ओर चले गए और नदी के तेज बहाव में बहकर लापता हो गए।
जानकारी के अनुसार, लापता युवकों की पहचान अभय यादव उर्फ बंटी (20), शिव साहनी (20) और शुभम यादव (19) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों दोस्त गर्मी से बचने के लिए नदी में उतरे थे, लेकिन पानी के बहाव का अंदाजा नहीं लगा सके और कुछ ही देर में हादसे का शिकार हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चिलुआताल थाना पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
तेज बहाव और नदी की गहराई के कारण सर्च ऑपरेशन में काफी मुश्किलें आ रही हैं। प्रशासन और गोताखोरों की टीम लगातार तीनों युवकों की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। घटना से पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।
