खबर रफ्तार, नेस्को कॉन्सर्ट ड्रग्स केस : मुंबई के चर्चित नेस्को सेंटर में 11 अप्रैल 2026 को हुए लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान ड्रग्स ओवरडोज से दो कॉलेज छात्रों की मौत के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। वनराई पुलिस ने इस केस में फरार चल रहे 21 वर्षीय आरोपी को कल्याण से गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों का कहना है कि आरोपी शुभ कथित रूप से इस ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की अहम कड़ी था और छात्रों व युवाओं तक नशे की खेप पहुंचाने में उसकी भूमिका हो सकती है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पहले से गिरफ्तार सप्लायर आनंद पटेल के कहने पर एमडीएमए (एक्स्टेसी) से भरा पैकेट चर्नी रोड स्थित एक हॉस्टल में पहुंचाया था, जो प्रतीक पांडे के लिए था। हालांकि आरोपी का दावा है कि उसे पैकेट के अंदर की सामग्री की जानकारी नहीं थी और उसने सिर्फ डिलीवरी की थी।
पुलिस के अनुसार तकनीकी सबूत और लोकेशन डेटा से यह संकेत मिला है कि शुभ उस पार्टी में मौजूद था और वहां अन्य आरोपियों से संपर्क में आया। इसी इवेंट के दौरान ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क सक्रिय होने की बात भी सामने आई है। अदालत ने आरोपी को 20 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है, जबकि पुलिस पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित शामिल लोगों की जांच कर रही है।

+ There are no comments
Add yours