VIDEO: मौत आई, लेकिन जान नहीं निकलने दी… CISF जवान ने दिल्ली एयरपोर्ट पर शख्स को इस तरह दिया नया जीवन दान

 

ख़बर रफ़्तार,दिल्ली: इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल 2 पर एक यात्री को दिल का दौरा पड़ा और बेहोश हो गया। इससे पहले कि उसे चिकित्सीय मदद मिलती, वहां मौजूद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवान ने शख्स को CPR देकर उसकी जान बचा ली। इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

CISF के अधिकारियों के मुताबिक, आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 से श्रीनगर के लिए उड़ान भरने जा रहे आर्शिद अयूब को दिल का दौरा पड़ा और वह बेहोश हो गए। इसके बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की त्वरित प्रतिक्रिया टीम तुरंत हरकत में आई। उन्होंने बिना समय गंवाए अयूब को CPR दी, जिससे उनकी स्थिति स्थिर हो गई। इसके बाद उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं, अर्शिद अयूब के परिवार ने CISF का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अगर समय पर बेटे को सहायता न मिलती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।

क्या है CPR?
सीपीआर का पूरा नाम कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन है। यह एक इमरजेंसी जीवन रक्षक प्रक्रिया है, जिसका उपयोग तब किया जाता है जब किसी व्यक्ति का दिल धड़कना बंद कर देता है या वह सांस लेना बंद कर देता है। सीपीआर का मुख्य उद्देश्य दिल और मस्तिष्क को ऑक्सीजन युक्त रक्त की आपूर्ति बनाए रखना है ताकि मस्तिष्क और अन्य अंगों को क्षति न पहुंचे।

You May Also Like

More From Author