खबर रफ्तार, रेखा गुप्ता: माता वैष्णो देवी धाम में दर्शन के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को मंदिर के पुजारियों ने पावन चुनरी और प्रसाद भेंट कर आशीर्वाद दिया। दर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री ने कहा कि मां वैष्णो देवी के दरबार में पहुंचकर उन्हें गहरी आध्यात्मिक ऊर्जा और मानसिक शांति का अनुभव हुआ।
मुख्यमंत्री ने देश की सुख-शांति, समृद्धि और नागरिकों के स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि भारत निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़े और समाज में भाईचारा तथा सकारात्मक वातावरण बना रहे, यही उनकी कामना है।
रेखा गुप्ता ने जम्मू-कश्मीर की धार्मिक आस्था और यहां आने वाले श्रद्धालुओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि वैष्णो देवी धाम देश की आध्यात्मिक एकता का प्रतीक है, जहां हर वर्ग और प्रदेश के लोग अपनी आस्था व्यक्त करने पहुंचते हैं।
इससे पहले रविवार सुबह मुख्यमंत्री कटरा स्थित आधार शिविर पहुंचीं, जहां भारतीय जनता पार्टी जिला रियासी के अध्यक्ष रोहित दुबे और अन्य पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोपहर करीब 1 बजे वह मुख्यमंत्री भवन से कटरा के लिए रवाना हुईं और दर्शन के बाद सड़क मार्ग से जम्मू के लिए प्रस्थान कर गईं।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क रहा। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

+ There are no comments
Add yours