
ख़बर रफ़्तार, देहरादून: उत्तराखंड में मौसम शुष्क है और पहाड़ से मैदान तक चटख धूप खिल रही है। खासकर मैदानी क्षेत्रों में गर्मी बेहाल कर रही है। गुरुवार को इस सीजन में दून का पारा पहली बार 36 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। वहीं, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर जिले में भी पारा तेजी से चढ़ रहा है। हालांकि, प्रदेश में आज यानी शुक्रवार को मौसम के करवट बदलने के आसार हैं।
प्रदेश में बीते कुछ दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। ज्यादातर क्षेत्रों में चटख धूप खिलने से पारा भी उछल गया। मैदानी क्षेत्रों में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। दून में इस सीजन में अभी तक यह पहला अवसर है, जब अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। जो कि सामान्य से करीब चार डिग्री सेल्सियस अधिक है। ज्यादातर शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।
दिनभर चटख धूप खिलने से चिलचिलाती गर्मी बेहाल कर रही है। हालांकि, आज मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, पर्वतीय क्षेत्रों में बादल छाये रह सकते हैं। उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ और देहरादून में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि व झोंकेदार हवा चलने की आशंका है। इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेशभर में तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है।
- शहर, अधिकतम, न्यूनतम
- देहरादून, 36.5, 18.4
- ऊधमसिंह नगर, 37.0, 18.6
- मुक्तेश्वर, 26.5, 10.5
- नई टिहरी, 25.4, 12.8
+ There are no comments
Add yours