gurugram में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, फायरिंग के बाद दो मोस्ट वांटेड अपराधी गिरफ्तार

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, हरियाणा : gurugram जिले के मानेसर क्षेत्र में देर रात पुलिस और दो कुख्यात बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध अपराधी मानेसर घाटी इलाके में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने क्षेत्र में नाकेबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।

पुलिस के अनुसार रात करीब 2:30 बजे जांच के दौरान दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। जब पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का संकेत दिया तो दोनों पहाड़ी क्षेत्र की ओर भागने लगे। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं।

आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके से हिरासत में ले लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली पुलिस की सरकारी गाड़ी में भी लगी, हालांकि किसी पुलिसकर्मी को चोट नहीं पहुंची।

गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय करण और 21 वर्षीय परवेश के रूप में हुई है। दोनों दिल्ली के निवासी हैं और उनके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट तथा फायरिंग जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी दिल्ली में दर्ज कुछ फायरिंग मामलों में भी वांछित चल रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। घायल बदमाशों को उपचार के लिए गुरुग्राम के सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद दोनों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों में पूछताछ की जा सके।

फिलहाल पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है। मामले की जांच जारी है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours