Chardham को बम से उड़ाने की धमकियों के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, एजेंसियां अलर्ट

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Chardham उत्तराखंड के चारधाम और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों को ई-मेल एवं सोशल मीडिया के माध्यम से मिली धमकियों के बाद राज्य सरकार और सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है। संभावित खतरे को देखते हुए चारधाम यात्रा मार्गों, मंदिर परिसरों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।

इसी क्रम में बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ से बातचीत कर चारधाम, विशेष रूप से बदरीनाथ और केदारनाथ धाम की सुरक्षा तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि धमकी भरे संदेश सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और सभी जरूरी एहतियाती कदम उठाए गए हैं।

बीकेटीसी अध्यक्ष के अनुसार केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में पुलिस, आईटीबीपी और एसडीआरएफ के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं। मंदिर परिसरों, यात्रा मार्गों और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। सीसीटीवी कैमरों और आधुनिक तकनीकी संसाधनों की मदद से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर विशेषज्ञों और खुफिया एजेंसियों की सहायता से धमकियों के स्रोत और जिम्मेदार लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है।

हेमंत द्विवेदी ने स्पष्ट किया कि इन धमकियों के बावजूद चारधाम यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है। यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ, बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब में श्रद्धालुओं की आवाजाही सामान्य बनी हुई है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यात्रा मार्गों पर अतिरिक्त सुरक्षा प्रबंध भी किए गए हैं।

उन्होंने श्रद्धालुओं और आम लोगों से सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उनका कहना है कि केवल प्रशासन और अधिकृत स्रोतों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा किया जाना चाहिए। सुरक्षा एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि धमकी देने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours