ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Gumkha देहरादून में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने गुमखाल–सतपुली सड़क चौड़ीकरण परियोजना को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की आशंका दिखाई दे रही है, जिसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
गोदियाल का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से बनाई जा रही कई सुरक्षा दीवारें पहली बारिश से पहले ही कमजोर पड़ती नजर आ रही हैं। स्थानीय लोगों का भी आरोप है कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान जरूरत से ज्यादा कटान किया गया और ऊंचे-ऊंचे पुश्तों का निर्माण किया गया, जिससे परियोजना की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि कुछ स्थानों पर निर्माण कार्य में बाहरी हिस्से पर सीमेंट का लेप किया गया है, जबकि अंदर पत्थर और रोड़े भरकर दीवारें तैयार की गई हैं। ऐसे में निर्माण की मजबूती और टिकाऊपन को लेकर लोगों में चिंता बढ़ रही है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि परियोजना से जुड़े अधिकारियों की भी जवाबदेही तय होनी चाहिए, क्योंकि भुगतान से पहले वही कार्य की गुणवत्ता को संतोषजनक बताते हैं। यदि शुरुआती बारिश में ही निर्माण कार्य प्रभावित होता है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी, यह बड़ा सवाल है।
उन्होंने यह भी आशंका जताई कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सामग्री का उपयोग कर भारी भुगतान लिया गया हो सकता है, जबकि निर्माण की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं है। गोदियाल ने संबंधित विभाग से पूरे मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि जनता के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार स्वीकार्य नहीं होना चाहिए। साथ ही राज्य की विकास योजनाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता को लेकर भी गंभीर चिंताएं व्यक्त कीं।

+ There are no comments
Add yours