Pauri में बारिश का कहर : दो मंजिला मकान ढहा, मलबे में दबे 4 लोग ; 3 की तलाश जारी

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, पौड़ी गढ़वाल : Pauri उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जगह-जगह भूस्खलन के कारण सड़कें प्रभावित हो रही हैं। इसी बीच पौड़ी गढ़वाल के महरगांव में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। बारिश के बीच एक दो मंजिला मकान अचानक ढह गया, जिसके मलबे में एक ही परिवार के चार लोगों के दबे होने की सूचना सामने आई।

एक महिला को ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाला

जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 7:45 बजे की है। मकान गिरने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की तत्परता से मलबे में फंसी एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

घायल महिला को प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल सतपुली हंस चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं मलबे में दबे तीन अन्य लोगों की तलाश लगातार जारी है। लापता लोगों में एक दो साल का बच्चा भी शामिल बताया जा रहा है।

SDRF और पुलिस की टीमें रेस्क्यू में जुटीं

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। घटनास्थल पर एंबुलेंस और मेडिकल टीम भी तैनात की गई है।

एसडीआरएफ, पटवारी और स्थानीय चौकी की टीम संयुक्त रूप से मलबा हटाकर लापता लोगों की तलाश कर रही है। लगातार बारिश और पहाड़ी क्षेत्र की परिस्थितियों के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में चुनौतियां भी सामने आ रही हैं।

डीएम ने आपदा कंट्रोल रूम पहुंचकर लिया जायजा

पौड़ी में बारिश से बिगड़ते हालात को देखते हुए जिलाधिकारी मंगलवार को तत्काल आपदा कंट्रोल रूम पहुंचीं। उन्होंने अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी ली और राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की।

बारिश के कारण जिले के कई मार्गों पर भी यातायात प्रभावित हुआ है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को बाधित सड़कों को जल्द से जल्द खोलने के निर्देश दिए।

जेसीबी से खोले जा रहे प्रभावित मार्ग

सतपुली-गुमखाल मार्ग पर जेसीबी की मदद से सड़क को यातायात के लिए खोल दिया गया है। वहीं गुमखाल-द्वारीखाल-महरगांव मार्ग को सुचारू करने के लिए भी जेसीबी मौके पर भेजी गई है।

प्रशासन की ओर से सड़क, बिजली और पेयजल जैसी आवश्यक सेवाओं की भी समीक्षा की गई है। फीडर ब्रेकडाउन होने की स्थिति में विद्युत विभाग को तत्काल मौके पर पहुंचकर आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।

नदी-नालों के पास न जाने की अपील

लगातार बारिश के चलते जिले में संवेदनशील क्षेत्रों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। नदी, नालों और गदेरों का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से इनके किनारे नहीं जाने की अपील की है।

फिलहाल महरगांव में राहत और बचाव अभियान जारी है। प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे तीनों लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालना है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours