ख़बर रफ़्तार , देहरादून: राजधानी देहरादून में पुलिस ने देह व्यापार के एक कथित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने मौके से एक नाबालिग लड़की को भी रेस्क्यू किया है। पुलिस के अनुसार, नाबालिग को दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लाया गया था और बाद में उसे कथित तौर पर बंधक बनाकर देह व्यापार के लिए मजबूर किया जा रहा था।
किराए के कमरे में चल रहा था कथित देह व्यापार
मामला देहरादून के कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र के हरभजवाला स्थित नीलकंठ एनक्लेव का है। पुलिस के मुताबिक, 1 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि यहां किराए के मकान में कुछ महिलाओं और पुरुषों की ओर से कथित तौर पर देह व्यापार कराया जा रहा है।
सूचना मिलने के बाद पटेलनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मकान में छापेमारी की। पुलिस के अंदर पहुंचने पर वहां तीन महिलाएं, तीन पुरुष और एक नाबालिग लड़की मिली। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री और कथित तौर पर देह व्यापार से अर्जित 18 हजार रुपये की नकदी बरामद की।
दिल्ली से महिलाओं को बुलाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, मामले में मनीष कुमार लखेड़ा को मुख्य आरोपी बताया गया है। आरोप है कि उसने मकान किराए पर लिया था और दिल्ली व आसपास के क्षेत्रों से महिलाओं को बुलाकर कथित देह व्यापार कराया जा रहा था।
पुलिस की पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि ग्राहकों से व्हाट्सएप के जरिए संपर्क किया जाता था। इसके बाद उन्हें महिलाओं की तस्वीरें भेजी जाती थीं और ग्राहक की पसंद के अनुसार महिलाओं को किराए के कमरे या ग्राहक द्वारा बताए गए स्थान पर भेजे जाने का आरोप है।
मसूरी घुमाने के बहाने नाबालिग को लाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग लड़की को आरोपी के साथी अभिषेक द्वारा दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लाया गया था। आरोप है कि कमरे में उस पर गलत काम के लिए दबाव बनाया गया। लड़की के इनकार करने पर उसे जबरन कमरे में बंधक बनाकर रखा गया था।
पुलिस ने नाबालिग को रेस्क्यू कर लिया है और मामले में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
कोतवाली पटेलनगर प्रभारी नरेश राठौर के अनुसार, मामले में BNS की धारा 96/99/127(2)/3(5), पॉक्सो एक्ट की धारा 14(5) और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3/4/5/11 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

+ There are no comments
Add yours