ख़बर रफ़्तार, पौड़ी : Kotdwar Social Media मीडिया पर की गई एक पोस्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया। पुलिस ने व्यापारी की शिकायत के आधार पर दीपक कुमार उर्फ मोहम्मद दीपक को गिरफ्तार किया है। मामले को लेकर व्यापारियों ने भी कोतवाली पहुंचकर कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के मुताबिक, उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के दौरान मस्जिद हटाए जाने से जुड़े घटनाक्रम को लेकर दीपक कुमार ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इस पोस्ट पर एक व्यापारी ने कमेंट किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
दुकान में घुसकर बदसलूकी और धमकी देने का आरोप
व्यापारी संजीव टांक का आरोप है कि सोशल मीडिया कमेंट के बाद दीपक कुमार उनकी दुकान पर पहुंचे और वहां उनके साथ कहासुनी व बदसलूकी की। व्यापारी ने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया।
घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दीपक कुमार और व्यापारी के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। इसके बाद व्यापारी ने कोटद्वार कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज किया मुकदमा
पौड़ी पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में धारा 351(2) और 352 BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मामले में धारा 196 और 115 BNS भी जोड़ी गईं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी दीपक कुमार उर्फ मोहम्मद दीपक को धारा 170 BNS के तहत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई की मांग को लेकर व्यापारियों ने दिया धरना
मामले की जानकारी मिलने के बाद नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष प्रवीण भाटिया और महामंत्री नवीन गोयल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी कोतवाली पहुंच गए। व्यापारियों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कोतवाली परिसर में धरना शुरू कर दिया।
व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ धरना
मामले की जानकारी मिलने पर कोटद्वार एएसपी मनोज ठाकुर भी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों को बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया। हालांकि, व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को आगे बढ़ा सकते हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

+ There are no comments
Add yours