तहसीलदार आवास में घुसकर होमगार्ड जवान के साथ मारपीट, पड़ताल में जुटी पुलिस

ख़बर रफ़्तार, लक्सर: आधा दर्जन से अधिक नकाबपोश लोगों ने तहसीलदार आवास में घुसकर ड्यूटी कर रहे होमगार्ड के जवान पर हमला कर दिया. जवान के साथ मारपीट करते हुए उसकी वर्दी फाड दी. होमगार्ड की तहरीर पर आरोपी एक होमगार्ड के जवान समेत करीब दस अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.

खानपुर थाना क्षेत्र के कान्हावाली गांव निवासी अमित कुमार ने लक्सर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह होमगार्ड में जवान है. वह तहसील परिसर स्थित तहसीलदार आवास पर ड्यूटी कर रहा था. तहसीलदार आवास के बाहर गेट के बाहर कुछ लोग खड़े थे. उसने बाहर निकल कर देखा तो वहां होमगार्ड का एक जवान अभिषेक कुछ लोगों के साथ खड़ा था. उसने अभिषेक से खड़ा होने का कारण पूछा तो उसने कोई जवाब नहीं दिया. जिस पर वह तहसीलदार आवास में बने गार्ड रूम में चला गया.

आरोप है कि इसी बीच होमगार्ड अभिषेक 8 से 10 अज्ञात नकाबपोश युवकों के साथ लाठी डंडे लेकर तहसीलदार आवास में अंदर घुस आए और गार्ड रूम का दरवाजा खोलकर उस पर हमला कर दिया. हमलावरों द्वारा उसके साथ मारपीट करते हुए उसकी वर्दी फाड़ डाली. जिससे वह बुरी तरह चोटिल हो गया. शोरगुल की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर आ गए. जिस पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते मौके से फरार हो गये. अमित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. कोतवाली प्रभारी राजीव रौथान ने बताया कि मामला होमगार्ड के दो जवानों के बीच विवाद से जुड़ा है. मामले की जांच की जा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस टीम को लगाया गया है.

You May Also Like

More From Author