उधमपुर बस दुर्घटना: 20 मौतों पर पीएम मोदी ने मुआवजे की घोषणा की

खबर रफ्तार, उधमपुर बस दुर्घटना: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक यात्री बस के खाई में गिरने से करीब 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना रामनगर क्षेत्र के कागोट गांव के पास उस समय हुई जब बस एक पहाड़ी मार्ग से गुजर रही थी।

जानकारी के अनुसार, बस एक दूरस्थ गांव से उधमपुर की ओर जा रही थी, तभी मोड़ पर चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और बस गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों व प्रशासन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने जिला प्रशासन से संपर्क कर गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours