उत्तराखंड में कमजोर पड़ा मानसून, हल्की बौछार के साथ जल्द विदाई के आसार

खबर रफ़्तार, देहरादून:  उत्तराखंड में मानसून अब कमजोर पड़ने लगा है। ज्यादातर क्षेत्रों में धूप और बादलों की आंख-मिचौली के बीच कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बौछारें पड़ रही हैं। हालांकि, अगले पांच दिन हल्की बौछारों का क्रम बना रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेशभर में ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में मानसून के विदा होने की उम्मीद है।

रविवार को प्रदेशभर में आंशिक बादलों के बीच हल्की धूप खिली रही। कहीं-कहीं खासकर कुमाऊं में बौछार के एक से दो दौर दर्ज किए गए। देहरादून समेत गढ़वाल के ज्यादातर क्षेत्रों में बादलों के बीच बूंदाबांदी हुई। इस दौरान तापमान सामान्य के आसपास बना रहा। इस बीच राजस्थान से मानसून की विदाई का सिलसिला शुरू हो गया है। इसके बाद करीब एक सप्ताह से 10 दिन के भीतर मानसून उत्तराखंड से भी विदा हो सकता है।

विदा हो जाएगा मानसून

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, अगले कुछ दिन प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी प्रकार का बना रहने का अनुमान है। ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। देहरादून, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की आशंका है। मैदानी क्षेत्रों में बादलों के बीच धूप भी खिल सकती है। अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में मानसून की विदाई के आसार हैं।

 

 

You May Also Like

More From Author