Hamirpur: छानी खुर्द गांव में दिल दहला देने वाला हादसा, नहाते समय तालाब में डूबे तीन मासूम

खबर रफ्तार, उत्तर प्रदेश: Hamirpur  जिले में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया। बिवांर थाना क्षेत्र के छानी खुर्द गांव में तालाब में नहाने गए सगे भाई-बहन समेत तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी पार्वती अपने बच्चों शिवेंद्र (10), रुद्रांश (8) और मांडवी (5) के साथ गांव के बाहर स्थित तालाब पर कपड़े धोने गई थीं। इसी दौरान तीनों बच्चे खेलते-खेलते तालाब में नहाने लगे और अचानक गहरे पानी में चले गए, जिससे वे डूबने लगे।

मां के कपड़े धोने में व्यस्त होने के कारण शुरुआत में बच्चों पर ध्यान नहीं जा सका। जब काफी देर तक बच्चे नजर नहीं आए तो आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तुरंत तालाब में उतरकर तीनों बच्चों को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छानी बुजुर्ग पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। अधिकारियों के अनुसार, तीनों बच्चों की मौत पानी में डूबने से हुई है और मामले की जांच की जा रही है।

एक ही परिवार के दो बेटों और एक बेटी की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे इलाके में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में हर आंख नम दिखाई दे रही है।

हादसे ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में जलस्रोतों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवार के प्रति संवेदना जताई है और प्रशासन को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

You May Also Like

More From Author