हल्द्वानीवासियों को 2.20 करोड़ लीटर कम मिल रहा पेयजल, दो हजार से अधिक आबादी परेशान

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, हल्द्वानी : कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी की आबादी में साल दर साल वृद्धि हो रही है, मगर क्षेत्र में पानी के स्रोत सीमित हैं। ऐसे में वर्षभर पेयजल समस्या बनी रहती है। वहीं, नगर और ग्रामीण इलाकों में पानी की दैनिक अनुमानित डिमांड करीब 9.5 करोड़ लीटर है, लेकिन 7.3 करोड़ लीटर ही जलापूर्ति होती है।

ऐसे में जरूरत से 2.20 करोड़ लीटर सप्लाई कम होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस वर्ष सर्दियों के सीजन कम बारिश हुई है, जिसका प्रभाव गर्मी की शुरुआत होने के साथ ही दिखना प्रारंभ हो गया है। हल्द्वानी और आसपास के इलाकों में गौला नदी और नलकूपों के माध्यम से करीब चार लाख की आबादी को पेयजल आपूर्ति की जाती है।
इनके अलावा अस्पताल, होटलों सहित तीन हजार से अधिक व्यावसायिक उपभोक्ता भी हैं। इस हिसाब से बड़ी आबादी पेयजल से जुड़ी हुई है। अधिकारियों के अनुसार, हल्द्वानी में रोजाना मांग के सापेक्ष जल संस्थान शीशमहल प्लांट से 3.20 करोड़ लीटर और शीतलाहाट प्लांट से 30 लाख लीटर पानी का शोधन कर सप्लाई करता है, जबकि लगभग 3.80 करोड़ लीटर पानी की आपूर्ति नलकूपों से की जाती है।

ऐसे में यहां लोगों को करीब 2.20 करोड़ लीटर कम पानी मिलता है। इस हिसाब से एक व्यक्ति को रोजाना करीब 104 लीटर ही पानी मिल पा रहा है, जबकि सरकारी मानकों के अनुसार, रोजाना प्रति व्यक्ति 135 लीटर पानी मिलना चाहिए।

पेयजलग्रस्त तल्ली हल्द्वानी में लोगों ने अभियंता को घेरा

तल्ली हल्द्वानी क्षेत्र में बीते एक सप्ताह से पेयजल संकट बना हुआ है। यहां दो हजार से अधिक आबादी पानी नहीं मिलने से परेशान है। लोगों को प्राइवेट टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है। ऐसे में बुधवार को जल निगम के कनिष्ठ अभियंता क्षेत्र में पहुंचे। इलाके में आते ही उन्हें जलसंकट झेल रहे उपभोक्ताओं के गुस्से का सामना करना पड़ा।

निवर्तमान पार्षद मनोज जोशी की अगुवाई में लोगों ने अभियंता का घेराव करते हुए कड़ी नाराजगी व्यक्त की। लोगों ने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से समस्या बनी हुई है। काफी कम प्रेशर से पानी मिल रहा था, मगर अब वह भी बंद हो गया है। एक सप्ताह से दिक्कत बढ़ गई है। अधिकारियों की ओर से आश्वासन दिए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।

लोगों का गुस्सा देख अभियंता ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। वहीं, निवर्तमान पार्षद जोशी ने कहा कि अगर जल्द आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर लीलाधर जोशी, हरीश चंद्र मेलकानी, धन सिंह बिष्ट, चंपा मेलकानी, कमला बिष्ट, कमला बिष्ट आदि मौजूद रहे।

बिजली की आंख मिचौली ने किया परेशान

गर्मी का सीजन प्रारंभ होने के साथ क्षेत्र में बिजली की समस्या भी उत्पन्न हो रही है। बुधवार को हल्द्वानी के विभिन्न क्षेत्रों में दोपहर के समय बिजली की आंख मिचौली का क्रम जारी रहा। भीषण गर्मी के बीच आपूर्ति प्रभावित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। साथ ही व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित रहीं।

ये भी पढ़ें…स्कूल से घर लौट रहे नौनिहाल आग की विकराल लपटों के बीच फंसे, इस तरह बामुश्किल पहुंच सके घर

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours