ख़बर रफ़्तार, नई दिल्ली: उत्तरी दिल्ली के रूप नगर इलाके में एक महिला की उसके दो बच्चों के सामने पीट पीटकर हत्या करनेवाले आरोपी को पलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने सोमवार को बताया, ‘हमें शुक्रवार देर रात सूचना मिली कि एक शख्स शराब के नशे में कुछ मुद्दों को लेकर अपनी पत्नी से लड़ने लगा। इसके बाद उसने उसके दो बच्चों के सामने उसकी पिटाई कर दी। इससे उसकी मौत हो गई।’
पुलिस ने बताया कि महिला की मौत होने के बाद आरोपी अपने गांव बिहार भाग गया। पुलिस को इसकी सूचना मिलने के तुरंत बाद उसे तलाशा गया और बिहार में गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आगे की जांच के लिए आरोपी को जल्द ही दिल्ली लाया जाएगा। मामले में विस्तृत जांच की जा रही है।
सब्जी मंडी इलाके में एक नाबालिग की हत्या
बता दें, दिल्ली में इस तरह की आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही है। इससे पहले उत्तरी दिल्ली के ही सब्जी मंडी इलाके में एक 16 साल के बच्चे की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। आरोपी भी नाबालिग है, जिसकी पीड़ित ने पहले पिटाई की थी, जिसका वह बदला लेना चाहता था।
