UP चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस ने शुरू की गठबंधन की तैयारी, सीट बंटवारे पर हुई पहली अहम बैठक

ख़बर रफ़्तार , नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से बाहर करने के मकसद से समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने गठबंधन की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। सोमवार को दोनों दलों के नेताओं के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर पहली औपचारिक बैठक हुई। इसमें चुनावी तालमेल और संभावित सीट शेयरिंग फॉर्मूले पर चर्चा की गई। दोनों पार्टियों के नेताओं ने बातचीत को सकारात्मक बताया है और जल्द समझौते पर पहुंचने की उम्मीद जताई है।

प्रमोद तिवारी के आवास पर जुटे दोनों दलों के नेता

नई दिल्ली के 17, तीन मूर्ति मार्ग स्थित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर यह महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। आधे घंटे से ज्यादा चली इस चर्चा में दोनों दलों के प्रतिनिधियों ने आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और सीटों के बंटवारे से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय रखी।

कांग्रेस की ओर से उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और सांसद इमरान मसूद बैठक में शामिल हुए। वहीं, समाजवादी पार्टी की तरफ से राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, सांसद राजीव राय और इकरा चौधरी ने प्रतिनिधित्व किया। बताया गया कि सपा की ओर से अखिलेश यादव ने सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए चार सदस्यीय समिति बनाई है।

अगले दो-तीन दिनों में बन सकता है गठबंधन का फॉर्मूला

बैठक के बाद कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बातचीत को सकारात्मक करार दिया। उन्होंने कहा कि दोनों दल सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और जल्द ही किसी अंतिम समझौते तक पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि, सीटों की संख्या और बंटवारे के फॉर्मूले को लेकर उन्होंने अभी कोई जानकारी साझा नहीं की।

वहीं, सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने भी बैठक के माहौल को सौहार्दपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत का अगला दौर मंगलवार को होगा। उन्हें उम्मीद है कि अगले दो से तीन दिनों में गठबंधन और सीट बंटवारे की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा सकता है।

भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए एकजुट होने का दावा

बैठक के बाद दोनों पार्टियों के नेताओं ने भाजपा के खिलाफ एकजुट होकर चुनाव लड़ने का भरोसा जताया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने कहा कि सपा और कांग्रेस पूरी एकता के साथ विधानसभा चुनाव में उतरेंगी। उन्होंने दावा किया कि दोनों दल मिलकर भाजपा को हराएंगे और उत्तर प्रदेश में नई सरकार बनाएंगे।

सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने भी गठबंधन को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में भाजपा की विदाई तय है। दोनों दलों के नेताओं के बयानों से साफ है कि विपक्षी गठबंधन चुनाव से पहले सीटों के तालमेल को लेकर जल्द सहमति बनाने की कोशिश में है।

2024 के लोकसभा चुनाव में गठबंधन को मिली थी बड़ी सफलता

सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन की चर्चाओं के पीछे पिछले लोकसभा चुनाव के नतीजे भी अहम माने जा रहे हैं। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दलों ने मिलकर चुनाव लड़ा था। उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से गठबंधन ने 43 सीटों पर जीत हासिल की थी। इसमें समाजवादी पार्टी को 37 और कांग्रेस को 6 सीटें मिली थीं।

हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियां अलग-अलग चुनाव मैदान में उतरी थीं। उस चुनाव में समाजवादी पार्टी ने 111 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस महज दो सीटों पर सिमट गई थी। ऐसे में इस बार दोनों दल पुराने अनुभवों और लोकसभा चुनाव के नतीजों को ध्यान में रखकर रणनीति तैयार कर रहे हैं।

यूपी की 403 सीटों पर चुनावी मुकाबले की तैयारी

उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं। आगामी चुनाव को देखते हुए भाजपा के साथ ही विपक्षी दलों ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर होने वाली बातचीत को इसी चुनावी तैयारी का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।

अब सबकी निगाहें मंगलवार को होने वाली दूसरे दौर की बैठक पर टिकी हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि दोनों पार्टियां कितनी सीटों पर चुनाव लड़ने को लेकर सहमत होती हैं और गठबंधन का अंतिम फॉर्मूला क्या निकलता है। इसका असर आगामी विधानसभा चुनाव के राजनीतिक समीकरणों पर पड़ सकता है।

You May Also Like

More From Author