ख़बर रफ़्तार , श्रीनगर/नैनीताल : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर और नैनीताल जिले के लालकुआं में आयोजित दो अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। श्रीनगर में उन्होंने बैकुंठ चतुर्दशी मेले का शुभारंभ किया, जबकि लालकुआं में अमर लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद मेहरा की स्मृति में आयोजित लोक थात सांस्कृतिक महोत्सव-2026 में शिरकत की। दोनों कार्यक्रमों के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार के कार्यों और उपलब्धियों का जिक्र किया। वहीं, बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा देने की मांग पर भी उन्होंने जल्द सकारात्मक परिणाम आने की उम्मीद जताई।
सीएम धामी ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले का किया उद्घाटन
श्रीनगर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रिबन काटकर बैकुंठ चतुर्दशी मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी ली।
पहाड़ की पारंपरिक जीवनशैली के प्रति अपना जुड़ाव दिखाते हुए मुख्यमंत्री ने सिलबट्टे पर नमक पीसा। इसके बाद उन्होंने कमलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रीनगर की धार्मिक और शैक्षणिक विरासत का किया जिक्र
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि कमलेश्वर महादेव की पावन धरती पर पहुंचना उनके लिए सौभाग्य की बात है। अलकनंदा नदी के किनारे बसा श्रीनगर धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है।
उन्होंने हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय का उल्लेख करते हुए कहा कि इस संस्थान ने श्रीनगर को देशभर में अलग पहचान दिलाई है। यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी देश के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, नकल माफिया और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए हैं। नकल विरोधी कानून के तहत 100 से अधिक नकल माफिया को जेल भेजा गया है।
उन्होंने दावा किया कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। इसके साथ ही सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है।
सीएम ने कहा कि सरकार ‘विकास भी और विरासत भी’ के संकल्प के साथ उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
लालकुआं में लोक थात महोत्सव में पहुंचे मुख्यमंत्री
श्रीनगर में कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री धामी नैनीताल जिले के लालकुआं पहुंचे। यहां उन्होंने अमर लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद मेहरा की स्मृति में आयोजित लोक थात सांस्कृतिक महोत्सव-2026 में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रहलाद मेहरा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर लोक कलाकारों ने उनके लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियां देकर सांस्कृतिक कार्यक्रम को यादगार बनाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराएं प्रदेश की पहचान हैं। इनका संरक्षण और नई पीढ़ी तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने पर जल्द मिल सकती है खुशखबरी
लालकुआं में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा देने की लंबे समय से चली आ रही मांग पर भी बात की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग वर्षों से इस मांग को उठा रहे हैं और सरकार इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है।
सीएम धामी ने बताया कि इस विषय पर पहले भी केंद्र सरकार के साथ बातचीत की गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही इस मामले में सकारात्मक परिणाम सामने आ सकते हैं। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा मिलने की उम्मीद लगाए बैठे लोगों में एक बार फिर आस जगी है।
समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना उत्तराखंड
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना जिसने समान नागरिक संहिता लागू की। सरकार सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ विकास, पारदर्शिता और सुशासन को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है।
उन्होंने दोहराया कि प्रदेश की पहचान और परंपराओं को सुरक्षित रखते हुए उत्तराखंड को विकास के नए मुकाम तक पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है।
