ख़बर रफ़्तार , नैनीताल : उत्तराखंड हाईकोर्ट ने अलग-अलग मामलों में अहम फैसले सुनाते हुए एक महिला और हरिद्वार के संतों को बड़ी राहत दी है। 1.440 किलो चरस बरामदगी के मामले में अदालत ने अनुष्का बुधाथोकी को सुनाई गई 20 साल की सजा रद्द करते हुए उसे दोषमुक्त कर दिया। वहीं, हरिद्वार के भूपतवाला स्थित श्री राम मंदिर की संपत्ति से जुड़े विवाद में महंत रेवती रमण दास समेत अन्य संतों की गिरफ्तारी पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी है।
चरस बरामदगी मामले में 20 साल की सजा रद्द
पहले मामले में न्यायमूर्ति रविंद्र मैठाणी और न्यायमूर्ति सिद्धार्थ शाह की खंडपीठ ने अनुष्का बुधाथोकी की अपील पर सुनवाई करते हुए निचली अदालत के फैसले को निरस्त कर दिया। पिथौरागढ़ की विशेष एनडीपीएस अदालत ने अगस्त 2023 में महिला को 1.440 किलो चरस रखने के मामले में 20 साल की सश्रम कैद और 1.5 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। जुर्माना जमा नहीं करने पर पांच साल की अतिरिक्त कैद का प्रावधान भी किया गया था।
तलाशी की प्रक्रिया में मिली बड़ी खामी
अभियोजन पक्ष के मुताबिक, 7 अप्रैल 2021 को भारत-नेपाल सीमा पर धारचूला पुल के पास एसएसबी के जवानों ने एक महिला को संदिग्ध स्थिति में रोका था। तलाशी के दौरान उसके शरीर से बंधी भूरे-काले रंग की चरस की पट्टियां बरामद हुई थीं। इनका कुल वजन 1.440 किलो बताया गया था। इसके बाद महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत कार्रवाई की गई।
हालांकि, हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान तलाशी की प्रक्रिया में गंभीर कानूनी खामी पाई। अदालत ने गवाहों के बयानों का परीक्षण करने के बाद कहा कि तलाशी लेने वाली टीम को पहले से ही जानकारी थी कि महिला के पास चरस मौजूद है। इसके बावजूद उसे मजिस्ट्रेट या राजपत्रित अधिकारी के सामने तलाशी कराने का कानूनी विकल्प नहीं दिया गया।
धारा 50 का उल्लंघन बना बरी होने की वजह
हाईकोर्ट ने इसे एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 का पूर्ण उल्लंघन माना। अदालत ने स्पष्ट किया कि इस प्रावधान का पालन अनिवार्य है और इसकी अनदेखी होने पर बरामदगी की कानूनी वैधता प्रभावित होती है। अपने फैसले में सुप्रीम कोर्ट के वर्ष 2011 के विजय सिंह चंदूभा जडेजा बनाम गुजरात राज्य मामले का भी उल्लेख किया गया।
महिला के अधिवक्ता अमित कापड़ी ने एफआईआर दर्ज करने में देरी का मुद्दा भी उठाया। बचाव पक्ष के अनुसार, महिला को दोपहर 1:10 बजे गिरफ्तार किया गया था, जबकि घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर थाना होने के बावजूद एफआईआर शाम 4:45 बजे दर्ज की गई। इस देरी का कोई संतोषजनक कारण भी सामने नहीं आया।
राज्य की दलील हाईकोर्ट में नहीं टिकी
सरकारी पक्ष ने बरामदगी को आकस्मिक बताते हुए कहा कि महिला के पास से व्यावसायिक मात्रा में चरस मिली थी। इस पर अदालत ने कहा कि अचानक तलाशी की स्थिति में धारा 50 का पालन संभव न होने की दलील दी जा सकती है, लेकिन इस मामले में टीम को पहले से जानकारी थी। ऐसे में राज्य का तर्क स्वीकार नहीं किया जा सकता।
अदालत ने महिला को बरी करते हुए आदेश दिया कि यदि वह किसी अन्य मामले में वांछित नहीं है तो सीआरपीसी की धारा 437A के तहत निजी मुचलका और दो जमानतें प्रस्तुत करने पर उसे तत्काल रिहा किया जाए।
हरिद्वार के महंतों और संतों को भी हाईकोर्ट से राहत
दूसरे मामले में उत्तराखंड हाईकोर्ट ने हरिद्वार के भूपतवाला स्थित श्री राम मंदिर की संपत्ति से जुड़े विवाद में महंत रेवती रमण दास चेला महंत चेत राम सरन और अन्य याचिकाकर्ताओं को अंतरिम राहत दी है। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई तक उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर के संबंध में गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है।
यह मामला हरिद्वार कोतवाली में 8 नवंबर 2026 को दर्ज एफआईआर से जुड़ा है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक धमकी और अन्य आरोप लगाए गए हैं।
1981 में संपत्ति हस्तांतरण के लिए फर्जी दस्तावेज बनाने का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि 12 अगस्त 1980 को पंजीकृत एक सोसाइटी के पक्ष में वर्ष 1981 में कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए और इनके माध्यम से श्री राम मंदिर भूपतवाला की संपत्ति हस्तांतरित की गई।
याचिकाकर्ताओं की ओर से अदालत में दलील दी गई कि सोसाइटी के मूल पंजीकरण के समय वे उससे जुड़े नहीं थे। उनका कहना था कि सोसाइटी के पंजीकरण और नवीनीकरण से संबंधित विवाद सोसाइटी पंजीकरण अधिनियम, 1860 की धारा 3-बी के तहत राज्य सरकार के समक्ष उठाया जा सकता है।
सोसाइटी के नवीनीकरण को लेकर विवाद
वहीं, राज्य सरकार और शिकायतकर्ता पक्ष ने अदालत को बताया कि सोसाइटी का वर्ष 1996 में पांच साल के लिए नवीनीकरण किया गया था। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद इसका नवीनीकरण नहीं हुआ, लेकिन बाद में कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दोबारा नवीनीकरण कराया गया।
दोनों पक्षों की दलीलें और दस्तावेज देखने के बाद हाईकोर्ट ने प्रथम दृष्टया माना कि विवाद मुख्य रूप से सोसाइटी के नवीनीकरण और श्री राम मंदिर भूपतवाला की संपत्ति के अधिकार एवं कब्जे से जुड़ा हुआ है। अदालत ने इसे दीवानी प्रकृति का विवाद बताया।
46 साल बाद दर्ज हुई एफआईआर पर भी अदालत की टिप्पणी
हाईकोर्ट ने यह भी गौर किया कि सोसाइटी के पंजीकरण के 46 साल से अधिक समय बाद एफआईआर दर्ज कराई गई है। अदालत के अनुसार, इस तरह के विवाद को आपराधिक मुकदमे के बजाय राज्य सरकार के समक्ष उचित कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से उठाया जा सकता है।
याचिकाकर्ताओं के संत होने और धार्मिक गतिविधियों से जुड़े रहने को ध्यान में रखते हुए अदालत ने उन्हें अंतरिम संरक्षण प्रदान किया। आदेश के मुताबिक, अगली सुनवाई तक एफआईआर के तहत उनकी गिरफ्तारी नहीं की जाएगी। मामले की अगली सुनवाई 22 फरवरी को निर्धारित की गई है।
