खबर रफ़्तार, मुरादाबाद: मुरादाबाद में ड्रोन के शोर में गांव-गांव में आईडी चेक हो रहीं हैं। गांव में रात के समय अपरिचित चेहरे को चोर के संदेह में ग्रामीण घेर रहे हैं। खुद को सही साबित करने के लिए आईडी दिखाना मजबूरी है। ग्रामीण रातभर पहरा दे रहे हैं
मुरादाबाद मंडल के सैकड़ों गांवों में ड्रोन की दहशत बराबर है। गांव-गांव युवाओं ने टोलियां बना ली हैं और बाहर से आने वाले लोगों की आईडी चेक करने के बाद ही एंट्री दे रहे हैं। पुलिस भी लगातार गांव-गांव घूम कर लोगों को जागरूक कर रही है कि बेवजह परेशान न हों और सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो और पोस्ट शेयर करने से बचे जिससे माहौल खराब हो रहा है।
मुरादाबाद मंडल के अमरोहा जिले में सबसे पहले ड्रोन उड़ने की चर्चा शुरू हुई थी। अमरोहा से संभल और फिर मुरादाबाद से होते हुए ड्रोन उड़ने की अफवाह रामपुर तक पहुंच गई। पिछले दो दिन से शहर के मोहल्लों में ड्रोन उड़ने के दावे किए गए।



