79 Homestay Registration नियम तोड़ने वाले पर जिला प्रशासन का बड़ा एक्शन, कुल 96 पंजीकरण रद्द

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, देहरादून : 79 Homestay Registration जिला प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने वाले 79 होम स्टे के पंजीकरण निरस्त कर दिए हैं। इसके साथ ही अब तक कुल 96 होम स्टे पर कार्रवाई की जा चुकी है। प्रशासन की जांच में सामने आया कि कई होम स्टे निर्धारित मानकों को पूरा नहीं कर रहे थे और उन्हें व्यावसायिक होटल की तरह संचालित किया जा रहा था।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि अप्रैल महीने में शुरू किए गए “ऑपरेशन सफाई” के तहत लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। जिन होम स्टे के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उनके नाम आधिकारिक वेबसाइट से भी हटाए जा रहे हैं ताकि पर्यटकों में किसी प्रकार का भ्रम न रहे।

प्रशासन की पांच मजिस्ट्रेट टीमों ने विभिन्न इलाकों में अब तक 136 निरीक्षण किए हैं। जांच के दौरान कई होम स्टे में अग्निशमन उपकरण नहीं मिले, जबकि कई जगह खाद्य लाइसेंस भी अनुपलब्ध पाए गए। इसके अलावा कई इकाइयां लीज और किराये पर संचालित होती मिलीं।

निरीक्षण में यह भी सामने आया कि कई होम स्टे में मालिक स्वयं नहीं रहते थे और निर्धारित क्षमता से अधिक कमरे संचालित किए जा रहे थे। कुछ स्थानों पर रातभर अवैध बार संचालन, तेज आवाज में डीजे और गैरकानूनी गतिविधियों की शिकायतें भी मिलीं।

प्रशासन के अनुसार कुछ होम स्टे में उपद्रवी तत्वों के ठहरने, नशे में हुड़दंग, तेज रफ्तार वाहन चलाने और हथियारों से फायरिंग जैसी घटनाएं भी सामने आई थीं, जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।

जिलाधिकारी ने कहा कि होम स्टे योजना का मूल उद्देश्य स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक खानपान और स्थानीय लोगों की आय को बढ़ावा देना है, लेकिन कुछ लोग इसका गलत इस्तेमाल कर इसे व्यावसायिक होटल के रूप में चला रहे थे।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours