खबर रफ्तार, एंटरटेनमेंट : अभिनेता सोनू सूद ने गाजियाबाद में हुए ट्रिपल सुसाइड केस पर चिंता जताते हुए माता-पिता से एक खास अपील की है। जानिए उन्होंने इस पूरे हादसे पर क्या कुछ कहा…
अभिनेता सोनू सूद अक्सर सामाजिक मुद्दों पर अपनी राय रखते हैं। हाल ही में उन्होंने बच्चों के ऑनलाइन गेमिंग और सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल पर भी चिंता जताई है। सोनू ने इसको लेकर एक पोस्ट साझा किया है। बाद में उन्होंने एक वीडियो के जरिए भी इस मामले पर अपनी राय रखी है। उनका यह पोस्ट 12, 14 और 16 साल की तीन लड़कियों की अपने बिल्डिंग की नौवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या करने की खबर के बाद आया है।
इससे पहले इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सोनू सूद ने एक्स पर एक पोस्ट भी किया था। इसमें उन्होंने लिखा था, ‘आज गाजियाबाद में तीन युवतियों ने अपनी जान गंवाई। हिंसा से नहीं, गरीबी से नहीं, बल्कि ऑनलाइन गेमिंग और डिजिटल लत के अनदेखे दबाव से। मैंने पहले भी आवाज उठाई है और मैं फिर से कह रहा हूं। शिक्षा को छोड़कर 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेमिंग पर प्रतिबंध होना चाहिए। बचपन को मार्गदर्शन की जरूरत होती है, एल्गोरिदम की नहीं। देखभाल की जरूरत होती है, लगातार स्क्रीन की नहीं। यह दोषारोपण के बारे में नहीं है। यह समय रहते सुरक्षा के बारे में है। इसे एक और ऐसी खबर न बनने दें जिसे हम भूल जाएं। अब समय है कि एक्शन लेना चाहिए।’
गाजियाबाद में हुए इस मामले की शुरुआती जांच से पता चला है कि बहनें एक कोरियाई टास्क-बेस्ड ऑनलाइन गेम की आदी हो गई थीं। बताया जाता है कि यह लत कोविड-19 महामारी के दौरान शुरू हुई थी। रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि इस गेम का असर उनकी दिनचर्या, व्यवहार और मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ा था।
