उधम सिंह नगर जिले के इस शहर में वृद्धा के साथ हुआ बड़ा फ्रॉड

खबर रफ़्तार ,रुद्रपुर : पेंशन लेने कोषागार आई वृद्धा को झांसे में लेकर स्कूटी सवार ने सोने का ग्लोबंद और अंगूठी उड़ा ली। सूचना पर पहुंची पंतनगर थाना पुलिस ने जानकारी ली और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। फिलहाल पीड़िता की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस के मुताबिक हल्द्वानी निवासी हेमा पंत सोमवार को पेंशन लेने के लिए कोषागार आई हुई थी। शाम को वह वापस हल्द्वानी जाने के लिए मेट्रोपोलिस कॉलोनी के मुख्य गेट के सामने खड़ी थी। इसी बीच स्कूटी सवार एक युवक उसके पास पहुंचा और उसे नमस्कार किया। साथ ही कहा कि उनके गले और हाथ में पहनी हुई सोने की ग्लोबंद और अंगूठी अच्छी है। वह भी उसे अपनी मां के लिए बनाना चाहता है।

हेमा पंत को उसने बातों पर लेकर उससे अंगूठी और ग्लोबंद ज्वेलर्स के पास ले जाने के लिए उतरवा लिए। जिसके बाद वह सोने के आभूषण लेकर रफू चक्कर हो गया। काफी देर बाद भी जब युवक नहीं आया तो हेमा पंत को ठगी का एहसास हुआ। इस पर आसपास के लोगों की मदद से उन्होंने सूचना पुलिस को दी।

सूचना पर पंतनगर थाना पुलिस पहुंची और जानकारी ली। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले। जिसमें कैद स्कूटी सवार संदिग्धों की पहचान में पुलिस जुट गई है। सिडकुल चौकी प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि आरोपित की तलाश की जा रही है। तहरीर नहीं दी गई है, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

You May Also Like

More From Author