ख़बर रफ़्तार, अयोध्या : Ram Mandir तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने नैतिक आधार पर अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके साथ ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने भी अपना त्यागपत्र सौंप दिया। दान गबन मामले को लेकर पिछले कुछ समय से दोनों पर इस्तीफे का दबाव बनाया जा रहा था।
इससे पहले गुरुवार को राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में लंबी प्रशासनिक जांच के बाद थाना राम जन्मभूमि में आठ लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया। यह मामला राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त ट्रस्टी कृष्ण मोहन की लिखित शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया।
सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट शासन को सौंपने के बाद कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की।
एफआईआर में राम शंकर यादव उर्फ टीनू, अनुकल्प मिश्र, लवकुश मिश्रा, करुणेश पांडेय, अविनाश शुक्ला, मनीष यादव, रमाशंकर मिश्रा और सुभाष चंद्र श्रीवास्तव को नामजद किया गया है। सभी आरोपियों पर मंदिर निधि के कथित गबन, धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश से जुड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने अब तक चार आरोपियों—सुभाष श्रीवास्तव, अनुकल्प मिश्रा, अविनाश शुक्ला और लवकुश मिश्रा—को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
हालांकि, पूरे मामले को लेकर क्षेत्राधिकारी अयोध्या आशुतोष तिवारी ने कहा है कि उनके स्तर पर किसी नई एफआईआर दर्ज होने की जानकारी नहीं है। मामले की जांच और कानूनी प्रक्रिया फिलहाल जारी है।

+ There are no comments
Add yours