Kashipur में मंदिर से पूजा कर लौट रही महिला को हाइड्रा ने मारी टक्कर, रास्ते में मौत

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, काशीपुर : Kashipur  ऊधम सिंह नगर के काशीपुर स्थित टांडा उज्जैन क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घर के सामने स्थित शिव मंदिर में पूजा करने गई 52 वर्षीय महिला वापस लौटते समय हाइड्रा क्रेन की चपेट में आ गईं। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

सड़क पार करते समय हाइड्रा ने मारी टक्कर

टांडा उज्जैन निवासी सुनील यादव की पत्नी राज कुमारी यादव सुबह शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करने गई थीं। पूजा के बाद वह सड़क पार कर अपने घर की तरफ जा रही थीं। इसी दौरान सामने से आ रही हाइड्रा क्रेन संख्या UK18 CA 4521 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही महिला सड़क पर गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत महिला की मदद की और पुलिस व 108 एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को एंबुलेंस से काशीपुर के राजकीय चिकित्सालय भेजा गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी हालत बिगड़ गई। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

क्रेन कब्जे में, चालक की तलाश जारी

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। बताया गया कि मृतका की एक बेटी है, जिसकी शादी रामपुर में हुई है। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी।

वहीं, हादसे के बाद हाइड्रा क्रेन का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्रेन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और हादसे के समय क्रेन की गति समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours