Dehradun में पैसों के विवाद में दो भाइयों पर तलवार से हमला, एक का हाथ 90% तक कटा

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Dehradun के नगर कोतवाली क्षेत्र के पार्क रोड इलाके में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि तीन युवकों ने दो भाइयों पर तलवार और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। एक युवक का हाथ करीब 90 प्रतिशत तक शरीर से अलग हो गया, जबकि दूसरे की कोहनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

तलवार से सिर पर वार, बचाव में हाथ हुआ गंभीर रूप से घायल

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, 13 अगस्त की रात करीब 12 बजे जसप्रीत सिंह ने ऋतिक मेहता और कार्तिक मेहता को पैसों के हिसाब-किताब के लिए पार्क रोड स्थित अपने घर के पास बुलाया था। आरोप है कि वहां जसप्रीत सिंह, हरदयाल सिंह और वंश राठी ने दोनों भाइयों पर हमला कर दिया।

बताया गया कि आरोपियों ने तलवार से दोनों के सिर पर वार किए। हमले से बचने के दौरान कार्तिक मेहता के हाथ पर तलवार लग गई, जिससे उसका हाथ करीब 90 प्रतिशत तक कट गया। वहीं ऋतिक मेहता की कोहनी में गंभीर चोट आई और उसका हाथ भी कट गया। दोनों युवक घायल होकर मौके पर गिर पड़े।

तीन आरोपियों पर मुकदमा, पुलिस जांच में जुटी

शिकायत के अनुसार, घायल होने के बाद भी आरोपियों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को बचाया। इसके बाद घायलों को दून अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। बाद में दोनों को मसूरी रोड स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार और ऑपरेशन चल रहा है।

कुलविंदर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने जसप्रीत सिंह, हरदयाल सिंह और वंश राठी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस हमले की वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours