ख़बर रफ़्तार, रांची : JPSC Protest झारखंड में JPSC समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में छात्र 20वें दिन भी धरने पर बैठे हैं। आंदोलनकारी अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने के मूड में नहीं हैं। इसी बीच छात्रों की ओर से मुख्यमंत्री आवास का घेराव किए जाने की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कांके रोड और CM आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
कांके रोड से CM आवास तक बैरिकेडिंग
मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले रास्तों पर जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है। कांके रोड से CM आवास की तरफ जाने वाले मार्ग को वन-वे किया गया है, जबकि सूचना भवन की ओर से आने-जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया गया है। मुख्यमंत्री आवास के सभी गेटों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
इसके अलावा CM आवास से हॉटलिप्स चौक होते हुए रातू रोड की तरफ जाने वाले मार्ग को भी बंद किया गया है। आसपास के कई रास्तों पर बैरिकेड लगाकर आवागमन नियंत्रित किया जा रहा है। इसका असर सामान्य यातायात पर भी दिखाई दे रहा है।
स्टेडियम में आंदोलन, CM आवास के बाहर सुरक्षा घेरा
फिलहाल प्रदर्शनकारी जयपाल सिंह स्टेडियम में ही आंदोलन कर रहे हैं। छात्रों ने मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का फैसला किया है या नहीं, इसे लेकर तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है। हालांकि किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने CM आवास के आसपास सुरक्षा का व्यापक इंतजाम किया है।
कांके रोड और आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग और रूट डायवर्जन के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर यातायात धीमा होने के साथ जाम की स्थिति भी बन रही है। लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
CM आवास के आसपास की गई भारी सुरक्षा को लेकर आम लोगों के बीच भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है, लेकिन इसके कारण सामान्य यातायात और रोजमर्रा की गतिविधियां ज्यादा प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विस्तृत कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। दूसरी ओर छात्र अपनी मांगों को लेकर जयपाल सिंह स्टेडियम में डटे हुए हैं। अब नजर इस बात पर है कि प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करते हैं या स्टेडियम में ही अपना आंदोलन जारी रखते हैं।

+ There are no comments
Add yours