Dehradun में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, सहारनपुर का गैंगस्टर रईस दोनों पैरों में गोली लगने से घायल

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Dehradun स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए देहरादून पुलिस की ओर से जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान 12 अगस्त की देर रात प्रेमनगर क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पश्चिमी उत्तर प्रदेश का शातिर गैंगस्टर रईस घायल हो गया। उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं उसका साथी नवाब अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक, प्रेमनगर पुलिस दरू चौक के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गोरखपुर चौक की ओर से बिना नंबर की काले रंग की बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार चाय बागान की तरफ तेजी से भागने लगे।

पुलिस ने आसपास के थानों को सूचना देते हुए उनका पीछा किया। पितांबरपुर-बनियावाला मार्ग पर बदमाश बाइक छोड़कर चाय बागान की ओर भागने लगे। पीछा कर रही पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोलीबारी में पुलिस का सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी।

घायल बदमाश की पहचान रईस पुत्र नसीम, निवासी खाताखेड़ी, थाना मंडी, सहारनपुर के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 26 वर्ष बताई गई है। उसका साथी नवाब सहारनपुर का रहने वाला बताया गया है और वह मौके से फरार हो गया।

मौके की तलाशी के दौरान पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक चापड़, कुल्हाड़ी, दो छुरी, नायलॉन की रस्सी और बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक बरामद की है।

2024 की गौकशी के मामले में वांछित था रईस

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के अनुसार, घायल रईस प्रेमनगर क्षेत्र में वर्ष 2024 में हुई गौकशी की घटना के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहा था। इस मामले में पुलिस उसके चार साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

पुलिस की पूछताछ में रईस ने कथित तौर पर बताया कि वह अपने साथी नवाब के साथ देहरादून आया था। पुलिस के अनुसार, दोनों टी-स्टेट और आसपास के क्षेत्रों में घूमने वाले आवारा गौवंश की रेकी कर गौकशी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पहचान छिपाने के लिए बाइक से नंबर प्लेट हटाई गई थी।

रईस पर दर्ज हैं कई मुकदमे

देहरादून पुलिस के मुताबिक रईस के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में करीब डेढ़ दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें गौकशी, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े मामले शामिल बताए गए हैं। सहारनपुर के अलावा हरिद्वार और देहरादून में भी उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस पर फायरिंग के मामले में प्रेमनगर थाने में रईस के खिलाफ संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं फरार आरोपी नवाब की तलाश में पुलिस ने आसपास के इलाकों में सर्च अभियान शुरू कर दिया है।

स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए देहरादून जिले में पुलिस की चेकिंग लगातार जारी है। अंतरराज्यीय और अंतरजनपदीय चेकपोस्ट के साथ-साथ आंतरिक मार्गों पर भी संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जा रही है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours