Almora में दर्दनाक सड़क हादसा, 80 मीटर गहरी खाई में गिरी कार ; पिता की मौत, बेटा और चालक घायल

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, अल्मोड़ा : Almora जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शीतलाखेत से हवालबाग की ओर आ रही एक कार कोसी के पास अनियंत्रित होकर करीब 80 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार 62 वर्षीय आनंद सिंह की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा देवेंद्र रावत और वाहन चालक घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक हादसा रविवार रात करीब 12 बजे हुआ। वाहन संख्या UK-01-TA-4465 कोसी स्थित जगत टायर वाले मंदिर के सामने पहुंचा था। इसी दौरान कार अचानक अनियंत्रित हुई और सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।

हादसे के बाद चालक ने ग्रामीणों को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद तीनों घायलों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।

गंभीर रूप से घायल आनंद सिंह को बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में चालक दिनेश सिंह की कमर में चोट आई है, जबकि आनंद सिंह के पुत्र देवेंद्र रावत को हल्की चोटें लगी हैं। दोनों का उपचार चल रहा है।

देवेंद्र रावत के अनुसार, वह शीतलखेत के भांकड़ गांव से जागर में शामिल होकर अपने गांव कुज्याड़ी लौट रहे थे। इसी दौरान कोसी के पास चालक को नींद की झपकी आ गई और वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा।

मृतक आनंद सिंह हवालबाग विकासखंड के कुज्याड़ी गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

सीओ बलवंत सिंह रावत ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours