Greater Noida DM कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलते ही मचा हड़कंप

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, नई दिल्ली : Greater Noida के सूरजपुर स्थित जिलाधिकारी (DM) कार्यालय को सोमवार को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया। एहतियात के तौर पर कलेक्ट्रेट परिसर को खाली कराया गया और लोगों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगा दी गई।

मौके पर बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वायड, डॉग स्क्वायड, फायर ब्रिगेड और भारी पुलिस बल को तैनात कर पूरे परिसर की गहन तलाशी शुरू की गई। अधिकारियों ने हर कोने की जांच की ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।

बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने चलाया सर्च ऑपरेशन

धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे डीएम कार्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। सभी प्रवेश और निकास मार्गों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई और आने-जाने वाले लोगों की जांच की गई।

एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि ई-मेल के माध्यम से बम की सूचना मिलने के बाद थाना सूरजपुर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वायड, फायर ब्रिगेड, एंटी-सबोटाज (A.S.) चेक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से पूरे परिसर की जांच कराई। शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है।

साइबर टीम कर रही जांच, लोगों से अफवाहों से बचने की अपील

पुलिस ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच साइबर टीम द्वारा की जा रही है। ई-मेल किस स्थान से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसका पता लगाने के लिए डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

फिलहाल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पूरी तरह सामान्य है और कानून-व्यवस्था पर पूरी तरह नियंत्रण है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। साथ ही, संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की भी सलाह दी गई है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours