ख़बर रफ़्तार, रुद्रप्रयाग : Rudraprayag जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच शनिवार को बड़ा हादसा टल गया। मंदाकिनी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से गंगानगर क्षेत्र में नदी के बीच निर्माण कार्य में लगी एक जेसीबी मशीन तेज बहाव में फंस गई। मशीन पर मौजूद चालक और उसका सहयोगी चारों ओर से उफनती नदी से घिर गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने तत्काल एसडीआरएफ, जल पुलिस और नगर पंचायत अगस्त्यमुनि की टीमों को मौके पर भेजा। बचाव दल ने कठिन परिस्थितियों और तेज जलधारा के बीच रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय पर हुई इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सिंगोली-भटवाड़ी जल विद्युत परियोजना के कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद मंदाकिनी नदी का जलप्रवाह अचानक बढ़ गया था। इसी दौरान नदी के बीच कार्य कर रही जेसीबी मशीन तेज बहाव में फंस गई और उसमें सवार लोग बाहर नहीं निकल सके।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मानसून को देखते हुए जिले की सभी आपदा प्रबंधन एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। प्रशासन लगातार मौसम, नदी-नालों के जलस्तर और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी कर रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
प्रशासन ने आम लोगों, स्थानीय ग्रामीणों, निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों, यात्रियों और तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे बारिश के दौरान नदी, गाड़-गदेरों और बरसाती नालों के पास जाने से बचें। बिना अनुमति या पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के नदी क्षेत्र में किसी भी प्रकार का कार्य न करने की सलाह भी दी गई है।
जिला प्रशासन ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस नियंत्रण कक्ष या जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सूचना दें। साथ ही लोगों से केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने और मानसून के दौरान पूरी सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
