ख़बर रफ़्तार, चमोली : Karnaprayag जिले में मंगलवार सुबह एक विवाद ने तनावपूर्ण स्थिति पैदा कर दी। जानकारी के अनुसार, हेमकुंड साहिब से लौट रहे कुछ यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच कर्णप्रयाग बाजार में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच झड़प की स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। इनमें एक होटल व्यवसायी की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट किया गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। विरोध स्वरूप लोगों ने चौकी परिसर के बाहर और बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। इसके अलावा पंचपुलिया क्षेत्र में भी कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एहतियात के तौर पर गौचर क्षेत्र में यात्रा संचालन को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

+ There are no comments
Add yours