ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Dehradun के पटेलनगर क्षेत्र स्थित भुड्डी गांव में वकील सोहेल हसन की हत्या के मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि इस वारदात को अंजाम किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उनके 21 वर्षीय छोटे भाई शाहिद हसन ने दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 14 जून की रात सोहेल हसन को उनके घर में गोली मार दी गई थी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर परिवार की ओर से अज्ञात हमलावर द्वारा हत्या किए जाने की बात कही गई थी, लेकिन जांच के दौरान कई तथ्य संदिग्ध पाए गए।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि घटना के समय घर में केवल दोनों भाई मौजूद थे। मृतक के माता-पिता हज यात्रा पर गए हुए थे। पूछताछ के दौरान शाहिद बार-बार अपने बयान बदल रहा था, जिससे पुलिस का शक गहरा गया।
जांच में आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, लेकिन किसी बाहरी व्यक्ति के घर में आने-जाने के प्रमाण नहीं मिले। वहीं घर के कैमरों की रिकॉर्डिंग भी हटाई गई थी। पुलिस को घर के बाथरूम से 32 बोर की एक देशी पिस्टल बरामद हुई, जिसके बाद जांच की दिशा पूरी तरह बदल गई।
सख्ती से पूछताछ करने पर शाहिद ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी था और अपने खर्चों के लिए अक्सर परिवार से पैसे लेता था। कुछ समय पहले उसने पिता के बैंक खाते से एटीएम के जरिए बड़ी रकम निकाल ली थी, जिसको लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद में सोहेल ने उसकी पिटाई भी की थी, जिससे वह नाराज था।
पुलिस के मुताबिक, शाहिद ने बदला लेने की नीयत से पहले घर के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग बंद करवाई और फिर मौका देखकर अपने बड़े भाई को गोली मार दी। हत्या के बाद उसने अज्ञात हमलावर की कहानी गढ़कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
इतना ही नहीं, शक से बचने के लिए आरोपी ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर शव को देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर प्रदर्शन और जाम लगाने की भी कोशिश की, ताकि जांच भटक जाए। इस मामले में पुलिस ने कानून व्यवस्था बाधित करने के आरोप में अलग से मुकदमा भी दर्ज किया है।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि वैज्ञानिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर मामले का तेजी से खुलासा किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच भी कर रही है।

+ There are no comments
Add yours