ख़बर रफ़्तार, उत्तराखंड : Mukesh Ambani देश के प्रमुख उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी सोमवार को अपनी आध्यात्मिक यात्रा के तहत उत्तराखंड पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बदरीनाथ धाम में भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की और देश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
धाम पहुंचने पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने उनका पारंपरिक स्वागत किया। पूजा-अर्चना के बाद मुकेश अंबानी ने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को 10 करोड़ रुपये की धनराशि दान स्वरूप प्रदान की। बताया जा रहा है कि यह राशि तीर्थयात्रियों की सुविधाओं और मंदिर समिति की विभिन्न व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में उपयोग की जाएगी।
मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह राणा के अनुसार, मुकेश अंबानी सुबह करीब 9:15 बजे बदरीनाथ धाम पहुंचे थे। उनके साथ परिवार के कुछ सदस्य और करीबी सहयोगी भी मौजूद थे। दर्शन और पूजा के बाद वे केदारनाथ धाम के लिए रवाना हो गए, जहां उन्होंने बाबा केदार के दर्शन कर देशवासियों के कल्याण की प्रार्थना की।
गौरतलब है कि मुकेश अंबानी की बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में गहरी आस्था रही है। वे लगभग हर वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान दोनों धामों में पहुंचकर दर्शन करते हैं और मंदिर समिति को आर्थिक सहयोग भी प्रदान करते हैं। उनके इस योगदान को धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है।
चारधाम यात्रा के दौरान इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की भारी संख्या धामों तक पहुंच रही है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 13 जून तक केदारनाथ धाम में 12 लाख से अधिक, बदरीनाथ धाम में 10 लाख से अधिक, जबकि गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भी लाखों श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या चारधाम यात्रा के प्रति लोगों की आस्था को दर्शाती है।
