ख़बर रफ़्तार, रुद्रपुर : Operation Prahar उत्तराखंड में अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। उत्तराखंड एसटीएफ, पंजाब पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और उधम सिंह नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने पंजाब के वांछित आरोपी ईशानप्रीत सिंह को बाजपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार, ईशानप्रीत सिंह पंजाब के अमृतसर जिले का निवासी है और लंबे समय से कानून से बचने के लिए उत्तराखंड में छिपकर रह रहा था। खुफिया सूचना मिलने के बाद संयुक्त टीम ने बाजपुर के केशवनगर इलाके में विशेष अभियान चलाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, मई 2026 में अमृतसर में एएनटीएफ और बीएसएफ द्वारा चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान आरोपी पुलिस को देखकर फरार हो गया था। उस समय उसके ठिकाने से बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और हेरोइन बरामद की गई थी। बरामद सामग्री में कई विदेशी और अवैध पिस्टल, मैगजीन तथा करीब 900 ग्राम हेरोइन शामिल थी।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया था कि आरोपी कथित तौर पर सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजे गए हथियारों और मादक पदार्थों के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। इसी वजह से सुरक्षा एजेंसियां उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए थीं।
एसटीएफ इंचार्ज एमपी सिंह ने बताया कि आरोपी के बाजपुर में छिपे होने की सूचना मिलने के बाद पंजाब पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक पूछताछ पूरी कर आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए पंजाब पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से जुड़े नेटवर्क, आर्थिक लेनदेन और अन्य संभावित सहयोगियों की जांच जारी है। वहीं, ऑपरेशन प्रहार के तहत राज्य में अपराधियों, नशा तस्करों और संगठित अपराध से जुड़े तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

+ There are no comments
Add yours