ख़बर रफ़्तार, हरिद्वार : Haridwar Viral Video हरिद्वार की हरकी पैड़ी से सामने आए एक वायरल वीडियो ने सोशल मीडिया पर बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। वीडियो में एक व्यक्ति अपनी जीवित पत्नी की तस्वीर पर माला चढ़ाकर उसका पिंडदान करता दिखाई दिया था। अब इस मामले में महिला का बयान भी सामने आया है, जिसमें उसने पति पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
महिला ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करते हुए कहा कि उसके और उसके पति के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है तथा दोनों के बीच तलाक का मामला कोर्ट में विचाराधीन है। महिला के मुताबिक उसने हाल ही में सोशल मीडिया पर रील बनाना शुरू किया था, लेकिन वह किसी भी तरह की अभद्र या आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट नहीं करती।
वीडियो बयान में महिला ने अपने पति पर शराब पीकर झगड़ा करने और गाली-गलौज करने के आरोप लगाए। उसने कहा कि वायरल वीडियो देखने के बाद लोगों ने बिना सच्चाई जाने सोशल मीडिया पर गलत टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं। जबकि हर घटना के दो पहलू होते हैं और उसकी बात सुने बिना ही लोग निष्कर्ष पर पहुंच गए।
महिला ने यह भी कहा कि इस विवाद का उसकी छवि और मानसिक स्थिति पर गहरा असर पड़ा है। हालांकि उसने अपने बच्चों की वजह से कोई गलत कदम नहीं उठाया और समाज के सामने मजबूती से खड़े रहने का फैसला किया।
दरअसल, कुछ दिन पहले हरिद्वार की हरकी पैड़ी से एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति अपनी पत्नी की फोटो के साथ अशोभनीय व्यवहार करते हुए उसे गंगा में प्रवाहित करता दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि दोनों देहरादून के निवासी हैं और उनके बीच तलाक का केस चल रहा है।
इस घटना पर हिंदूवादी संगठनों और तीर्थ पुरोहितों ने भी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि गंगा घाट पर इस तरह की हरकत धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली है और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

+ There are no comments
Add yours