बुलंदशहर ट्रिपल मर्डर: एक घर से उठीं 3 अर्थियां, गांव में पसरा मातम

खबर रफ्तार, बुलंदशहर ट्रिपल मर्डर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा में एक मामूली विवाद ने दिल दहला देने वाली घटना का रूप ले लिया, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी गई। बर्थडे पार्टी के दौरान केक चेहरे पर लगाने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि मामला ट्रिपल मर्डर तक पहुंच गया।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना थाना खुर्जा नगर क्षेत्र के सुभाष रोड स्थित आरजेएस फिटनेस जिम में शनिवार देर रात हुई। फूटा दरवाजा मोहल्ले में रहने वाले जीतू सैनी की जन्मदिन पार्टी चल रही थी, जहां कुछ युवकों के बीच केक लगाने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते बात गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गई।

विवाद के बाद जीतू मौके से चला गया, लेकिन करीब एक घंटे बाद वह अपने कुछ साथियों के साथ वापस लौटा। आरोप है कि इस दौरान वह अपने भाई की लाइसेंसी पिस्टल लेकर आया था। जिम की पहली मंजिल पर पहुंचकर उसने अमरदीप (35), मनीष (32) और आकाश (19) पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि भागने की कोशिश कर रहे आकाश को भी पीछा कर गोली मारी गई।

बुलंदशहर ट्रिपल मर्डर: एक घर से उठीं 3 अर्थियां, गांव में पसरा मातम

वारदात के बाद आरोपी जिम का सीसीटीवी डीवीआर भी अपने साथ ले गया, जिससे सबूत मिटाने की कोशिश की गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कई पुलिस टीमों को मामले की जांच में लगाया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अब तक 15 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पार्टी में शराब का सेवन किया जा रहा था और मौके से शराब की बोतलें व बीयर के कैन बरामद हुए हैं। साथ ही सैनी धर्मशाला को लेकर दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश की बात भी सामने आ रही है, जिसकी भी जांच की जा रही है।

रेखा गुप्ता ने माता वैष्णो देवी धाम में किए दर्शन, पुजारियों ने भेंट की चुनरी

रविवार को जब तीनों शव घर पहुंचे तो पूरे इलाके में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और गांव में मातम का माहौल फैल गया। तीन अर्थियां एक साथ उठने से हर किसी की आंखें नम हो गईं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours