शहडोल में रेत माफिया का कहर: सोते चौकीदार को रेत वाहन ने कुचला, मौके पर मौत

खबर रफ्तार, शहडोल : शहडोल जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रेत की लगातार बढ़ती मांग और ठेका व्यवस्था न होने के कारण माफिया बेखौफ होकर सक्रिय हैं, जिसका खामियाजा आम लोगों को अपनी जान देकर भुगतना पड़ रहा है। ताजा मामला सोहागपुर थाना क्षेत्र का है, जहां एक दर्दनाक हादसे में चौकीदार की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, बैजनाथ सिंह के प्लॉट पर निर्माण कार्य चल रहा था। यहां 40 वर्षीय अशोक कुमार कहार, जो चौकीदारी के साथ-साथ राजमिस्त्री का काम भी करता था, रात में प्लॉट पर ही सो रहा था। इसी दौरान देर रात रेत खाली करने के लिए एक छोटा ट्रक वहां पहुंचा। चालक ने अंधेरे में सो रहे अशोक को नहीं देखा और वाहन सीधे उसके ऊपर चढ़ा दिया।

हादसा इतना भयावह था कि अशोक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर सोहागपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वाहन चालक और घटना में लापरवाही या अवैध रेत परिवहन की भूमिका की जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में रेत माफिया का दबदबा लगातार बढ़ता जा रहा है। अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने के दावे के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours