मऊ: नींद की एक झपकी बनी मौत का कारण, एक ही परिवार के 3 समेत 5 की जान गई

खबर रफ्तार, मऊ : उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा दोहरीघाट थाना क्षेत्र के कुसुम्हा बशारतपुर के पास गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जिले के रानीडीहा निवासी विनय श्रीवास्तव (60) अपनी बेटी की शादी के लिए रांची गए थे। शादी के बाद वह अपनी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव (58) और बेटे कृतार्थ श्रीवास्तव (27) के  स्कॉर्पियो से घर लौट रहे थे। वाहन को बिहार के गया निवासी चालक पुरुषोत्तम (47) चला रहा था, जबकि दूसरा चालक नितीश (46) पीछे बैठा था।

शनिवार रात करीब 2:30 बजे, कुसुम्हा बशारतपुर के पास शारदा सहायक नहर कॉलोनी के सामने चालक को झपकी आ गई। इससे स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर दूसरी लेन में जाकर एक तेज रफ्तार ट्रेलर से भिड़ गई।

विदिशा में सड़क हादसे के बाद शर्मनाक नज़ारा, घायल की मदद छोड़ बोतलें लूटने में जुटे लोग

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सभी सवार उसमें फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया गया।

करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद वाहन को काटकर सुबह पांच बजे सभी पांचों शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है। इस दर्दनाक घटना से मृतकों के गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours