खबर रफ्तार, नैनीताल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नैनीताल जिले को 147.28 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात दी और 40 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने विशेष योजनांतर्गत के अंतर्गत स्वीकृत 15443.00 लाख की हल्द्वानी-काठगोदाम श्रोत एवं ट्रीटमेंट संवर्धन पेयजल योजना का भूमि पूजन भी किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर कहा कि उनकी सरकार उत्तराखंड को विकसित उत्तराखंड बनाने की ओर तीव्रता से कार्य कर रही है। राज्य प्रत्येक क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। राज्य सरकार द्वारा लिए गए कई ऐतिहासिक निर्णय अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणा बन रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा राज्य सरकार विकास के साथ विरासत को भी आगे बढ़ा रही है। हमारा एकमात्र लक्ष्य उत्तराखंड को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा राज्य में समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण कानून जैसे कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं।
सीएम धामी ने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि राज्य की संस्कृति, विरासत और पवित्रता से किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने जिन योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया उनमें शिप्रा नदी पर 30 स्पान का पुल, राजकीय औद्योगिक संस्थान हल्द्वानी में टैक्नोलॉजी लैब, रामगढ़ स्थित पशु चिकित्सालय में भवन निर्माण, नैनीताल के अनावासीय भवन निर्माण, नवाबी रोड सीवरेज तथा 28 एमएलडी एसटीपी निर्माण शामिल है।
इसके अलावा नरीमन तिराहे से गौलापुर तक सड़क मरम्मत, देवरामपुर गौला गेट सडक सुधारीकरण, वृन्दावन विहार एवं पनचक्की- चौफुला- कठघरिया तक नहर कवरिंग कार्यों शामिल हैं। इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, अध्यक्ष जिला पंचायत दीपा दरमवाल, विधायक लालकुआं मोहन सिंह बिष्ट, विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा, विधायक नैनीताल सरिता आर्या, मेयर हल्द्वानी गजराज सिंह बिष्ट समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours