खबर रफ्तार, सहारनपुर : पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण मैदानी क्षेत्रों में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। दोपहया वाहन सवारों का मानो खून सा जम रहा है। हाथ-पैर सुन्न पड़ रहे हैं। आने वाले दिनों में ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है।
बुधवार को न्यूनतम तापमान गिरकर दो डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बीते आठ साल के 14 जनवरी के मौसम पर नजर डालें तो सर्दी ने आठ साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अधिकतम तापमान भी 10 डिग्री सेल्सियस रहने के कारण बुधवार इस सीजन का अभी तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया।
जनपद में पिछले चार दिन से सर्दी चरम पर है। कोहरे और शीतलहर के कारण लोगों के शरीर सुन्न पड़ रहे हैं। घुटनों तक पैर और हाथों में जैसे खून जमा जा रहा है। ऐसे में सर्दी से बचाव को लोग हर संभव प्रयास कर रहे हैं। बुधवार की सुबह घना कोहरा रहा, जिसकी वजह से देहात में दृश्यता 60 से 70 मीटर तक रही। शहरी क्षेत्र में 100 मीटर तक देखा जा सकता था। उम्मीद थी कि दोपहर में कोहरा छट जाएगा, लेकिन कोहरा आसमान में तो चला गया, लेकिन छटा नहीं। इसकी वजह से दिनभर सर्दी का प्रकोप बना रहा।

+ There are no comments
Add yours