खबर रफ्तार, एंटरटेनमेंट डेस्क : महाराष्ट्र निकाय चुनाव के दूसरे चरण का मतदान शुरू हो गया है। अभिनेता अक्षय कुमार भी आज गुरुवार को मुंबई में मतदान करने पहुंचे। इसके अलावा उन्होंने अन्य नागरिकों से भी वोट डालने की अपील की।
देश की सबसे समृद्ध महानगरपालिका बृहन्मुंबई महानगरपालिका यानी बीएमसी के लिए आज मतदान हो रहा है। इसके साथ ही महाराष्ट्र की कुल 29 महानगरपालिकाओं में वोट डाले जाएंगे। अभिनेता अक्षय कुमार ने भी अपने मतदान का प्रयोग किया। खिलाड़ी ने मुंबई में निकाय चुनाव के लिए वोट डाला। साथ ही उन्होंने अन्य लोगों से भी वोटिंग की अपील की।
अक्षय कुमार ने आज गुरुवार को मतदान शुरू होते ही मुंबई के गांधी शिक्षण भवन में बने मतदान केंद्र में मतदान किया। मतदान के बाद अक्षय कुमार ने लोगों से मतदान की अपील की और कहा, ‘आज बीएमसी चुनाव के लिए वोटिंग हो रही है। मुंबईकर होने के नाते आज के दिन रिमोट कंट्रोल हमारे हाथ में होता है। मैं सभी से अपील करता हूं कि बड़ी संख्या में वोट करें। अगर हमें मुंबई का असली हीरो बनना है तो हमें डायलॉगबाजी नहीं करनी चाहिए और यहां आकर वोट करना चाहिए।’
मशहूर गीतकार गुलजार ने भी मतदान किया। उन्होंने वोटिंग के बाद कहा, ‘लोगों से हर बार यह अपील करते हैं कि यह आपका हक है, प्लीज अपना हक अदा करो, वरना शिकायत नहीं कर पाओगे। मैं यात्रा पर था, लेकिन मैं मौका निकालकर आया’।
अक्षय कुमार के अलावा उनकी पत्नी और अभिनेत्री ट्विंकल खन्ना ने भी वोट डाला। बीएमसी चुनावों में वोट डालने के बाद एक्ट्रेस ट्विंकल खन्ना ने कहा, ‘मुझे लगता है कि इससे हमें कंट्रोल का एहसास होता है। थोड़ी पावर मिलती है। मैं आदत और उम्मीद दोनों की वजह से वोट दे रही हूं’।
अक्षय कुमार जिस वक्त मतदान करने पहुंचे, वहां एक बच्ची उनसे मिलने आई। उसने अभिनेता से मदद की गुहार लगाई और कहा कि उसके पिता कर्जे में हैं। सिक्योरिटी गार्ड ने बच्ची को रोका। मगर, इस दौरान अक्षय कुमार ने बालिका से कहा, ‘आप अपना नंबर दे दो’। इसके बाद बच्ची ने एक्टर के पैर छुए, मगर अभिनेता ने उसे रोक दिया।
अभिनेता नाना पाटेकर ने भी बीएमसी चुनावों में मतदान किया। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा, ‘मैं वोट डालने के लिए तीन घंटे से ज्यादा सफर करके आया हूं, क्योंकि लोकतंत्र में यह जरूरी है। मैं तुरंत वापस जा रहा हूं। मैं सभी से अपील करता हूं कि वे बाहर आएं और अपने वोट के अधिकार का इस्तेमाल करें’।
बॉलीवुड अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा भी आज गुरुवार को बीएमसी चुनाव में मतदान करने पहुंची हैं। इसके अलावा म्यूजिशियन विशाल ददलानी ने भी वोट डाला।
अभिनेत्री और मथुरा से सांसद हेमा मालिनी भी बीएमसी चुनाव में मतदान करने पहुंचीं। इसके अलावा आमिर खान का परिवार भी वोट डालने पहुंचा। इनके अलावा एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया और सुनील शेट्टी ने भी वोट डाला।
