ख़बर रफ़्तार, रुड़की: युवक के साथ बेटी को देखकर स्वजन का पारा इतना चढ़ गया कि उन्होंने युवक को नंगा कर उसे बांधा और फिर उसकी जमकर पिटाई की।
युवक की इतनी बेरहमी से पिटाई की गई कि उसकी हालत गंभीर है। इस दौरान किसी ने उसकी पिटाई का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। दबंगों के डर की वजह से स्वजन ने पुलिस में मुकदमा दर्ज तक कराने से इन्कार कर दिया है। इसके बाद पुलिस ने सिपाही की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक कोतवाली सिविल लाइंस क्षेत्र के एक गांव का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। इसमें एक युवक को नंगाकर रस्सी से बांधा गया है और उसको बेरहमी से पीटा जा रहा है। युवक बार-बार जान बचाने की गुहार लगा रहा है। इधर-उधर दौड़ रहा है, लेकिन कोई भी उसकी मदद को तैयार नहीं है।
पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल की तो पता चला कि यह वीडियो कोतवाली क्षेत्र के खटका गांव में बनाया गया है। बाईपास के समीप युवक को पीटा गया है। जिस युवक को पीटा जा रहा है वह कोतवाली क्षेत्र के टोडा कल्याणपुर गांव का रहने वाला है।
नौ अप्रैल को हुई घटना
युवक की पहचान होने के बाद पुलिस उसके घर पर पहुंची। युवक गंभीर रूप से घायल है। स्वजन ने बताया कि उनके बेटे से मारपीट की घटना नौ अप्रैल को हुई है। पुलिस ने स्वजन से शिकायत देने की बात कही, लेकिन दबंगों के डर के चलते स्वजन ने इससे इन्कार कर दिया। साथ ही दबंगों से जान-माल का खतरा जताया।
मामले में सिपाही अनूप सिंह की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई है। कोतवाली प्रभारी आरके सकलानी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मेनपाल निवासी टोडा कल्याणपुर और अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
जांच में सामने आया है कि घटना वाले दिन मेनपाल की बेटी युवक के पास खड़ी थी। इससे नाराज होकर आरोपित ने अन्य लोगों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। पुलिस वीडियो में मारपीट करने वालों की तलाश कर रही है।

+ There are no comments
Add yours