ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Patelnagar क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना में साहिल नाम का युवक गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आईटीएस कॉलेज के पास हुई फायरिंग
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को कंट्रोल रूम से पटेलनगर क्षेत्र में फायरिंग और युवक के घायल होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके बाद घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, सुजल, अंशुल, आदित्य, आर्यन, विशाल, दक्ष, साहिल समेत अन्य युवकों ने गुरमीत, रमन, अमन और रोहित के साथ मारपीट की और उनके वाहन में तोड़फोड़ की।
इसके बाद गुरमीत और उसके साथियों ने आईटीएस कॉलेज के पास दूसरे पक्ष के युवकों पर फायरिंग कर दी। पीछा किए जाने पर शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट ज्यूड्स चौक के पास कार सवार युवकों ने कथित तौर पर दोबारा गोली चलाई। इसी दौरान साहिल को गोली लग गई।
चार आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ पटेलनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में सुजल पाल (21), आदित्य मलिक (23), अंशुल (23) और आर्यन (22) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
पटेलनगर में बढ़ती घटनाओं ने बढ़ाई चिंता
पटेलनगर क्षेत्र में युवाओं के बीच मारपीट और विवाद की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। हाल ही में एक रेस्टोरेंट के बाहर विवाद के दौरान छात्र द्वारा गोली चलाने का मामला सामने आया था, हालांकि उसमें कोई घायल नहीं हुआ था।
वहीं, पांच जुलाई को स्कूटी की मामूली टक्कर के बाद 10 से 15 युवकों के एक समूह ने एक युवक को बंधक बनाकर निरंजनपुर फल मंडी की दुकान में उसके साथ मारपीट की थी। अब फायरिंग की ताजा घटना के बाद क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और युवाओं के बढ़ते हुड़दंग को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
