ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Dehradun के राजपुर थाना क्षेत्र में कैनाल रोड पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी स्कूटी और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार 26 वर्षीय नैना राजपूत गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं दूसरी घायल महिला निधि कश्यप का दून अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हादसे के बाद दो आरोपी गिरफ्तार
हादसे की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर कार, स्कूटी और मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हालत में मिलीं। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि कार ने सड़क किनारे खड़े दोनों वाहनों को जोरदार टक्कर मारी, जिसके बाद स्कूटी सवार महिलाएं घायल हो गईं।
पुलिस के मुताबिक मृतका नैना राजपूत पोहली, दूधली, डोईवाला की रहने वाली थीं। पुलिस ने कार चालक सुमित यादव और उसके साथी हाशिम को गिरफ्तार कर लिया है। दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में लेकर थाने लाया गया है।
ब्रेक फेल होने का दावा, पुलिस जांच में जुटी
पूछताछ में कार चालक सुमित यादव ने पुलिस को बताया कि वह काठ बंगला से कैनाल रोड की ओर आ रहा था। इसी दौरान कार के ब्रेक नहीं लगे और वाहन सड़क किनारे खड़े दोपहिया वाहनों से जा टकराया। हालांकि पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
थाना राजपुर प्रभारी पीड़ी भट्ट के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मृतका के पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है, जबकि घायल महिला का इलाज जारी है।
रुड़की में भीषण बाइक हादसा
वहीं रुड़की में भी तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन युवकों की मौत हो गई और छह युवक घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
