उपराष्ट्रपति धनखड़ और मुख्यमंत्री योगी ने की अहिल्याबाई होल्कर जयंती समारोह में शिरकत, उपराष्ट्रपति ने विपक्ष पर साधा निशाना

खबरे शेयर करे -

खबर रफ़्तार, आगरा: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को यहां महारानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में हिस्सा लिया। उपराष्ट्रपति ने लोकमाता के पदचिन्हों से जोड़ते हुए केंद्र और राज्य सरकार की प्रशंसा की तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर भी निशाना साधा।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश में सात स्थानों पर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल बनाये जाएंगे। शहर के जीआईसी मैदान पर आयोजित समारोह में उपराष्ट्रपति ने कहा कि काशी विश्वनाथ मंदिर का कॉरिडोर बनाकर भव्य रूप देना आसान नहीं था, लेकिन मोदी-योगी सरकार ने कर दिखाया। ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भी उन्होंने केंद्र सरकार और देश की सेना की खुलकर प्रशंसा की।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने कानून का राज स्थापित किया है। जिस नारी सशक्तिकरण को महारानी अहिल्याबाई होलकर ने प्रोत्साहित किया, उसे यूपी सरकार बखूबी आगे बढ़ा रही है। उन्होंने महाकुंभ की व्यवस्थाओं के लिए भी उत्तर प्रदेश सरकार की तारीफ की।

इससे पहले समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर ने पूरे देश के मंदिरों का जीर्णोद्धार कराकर समाज को एक सूत्र में पिरोने का काम किया। उसी प्रकार वर्तमान में केंद्र की मोदी सरकार देश के सभी वर्गों को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। देश की सुरक्षा के गुण भी अहिल्याबाई होल्कर ने सिखाए, आज भी भारत अपने दुश्मनों को करारा जवाब देना जानता है।

ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से पाकिस्तान को सबक सिखाया गया है। विपक्ष पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग माफियाओं को पालते थे और अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर बने डिग्री कॉलेज का नाम बदल देते थे। आज डबल इंजन की सरकार औरैया के मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता के नाम पर करती है। प्रदेश में सात स्थानों पर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल बनाये जाएंगे। आगरा में भी लोकमाता के नाम समर्पित कुछ बड़ा काम होगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के बहादुर जवानों ने पाक के एयर डिफेंस सिस्टम को नष्ट कर दिया, ये सब महारानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रेरणा की ही कड़ी है। समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने मंच से उपराष्ट्रपति से मांग करते हुए कहा कि पाल, बघेल, धनगर समाज के जाति प्रमाण-पत्र बनने में जो परेशानी आ रही हैं, उसको दूर करने के लिए प्रयास किया जाए।

इससे पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का खेरिया हवाई अड्डे पर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य, मेयर हेमलता दिवाकर, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय शाक्य, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिलाध्यक्ष प्रशांत पोनिया सहित अन्य ने स्वागत किया।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours