42 सेकंड में 36 वार: वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई यूपी पुलिस, दोनों मौलाना गिरफ्तार

ख़बर रफ़्तार, सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गंगोह से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर किसी का भी कलेजा कांप जाए। जहां एक मदरसे में महज 10 साल के बच्चे को जानवरों की तरह पीटा गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपी मौलानाओं को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

1 मिनट 49 सेकेंड का खौफनाक मंजर
वायरल वीडियो मदरसा दारुल उलूम जकरिया का बताया जा रहा है। वीडियो में दिख रही क्रूरता किसी भी सभ्य समाज के लिए कलंक है। एक मौलाना ने बच्चे को उल्टा करके उसके पैर पकड़े हुए हैं, ताकि वह भाग न सके। दूसरा मौलाना बेरहमी से बच्चे पर लाठियां बरसा रहा है। गिनती के मुताबिक, मासूम को करीब 36 डंडे मारे गए। बच्चा दर्द से तड़पता रहा, चीखता रहा और छोड़ देने की गुहार लगाता रहा, लेकिन पत्थर दिल आरोपियों को उस पर जरा भी तरस नहीं आया। तीसरा व्यक्ति इस पूरी हैवानियत का वीडियो बनाता रहा।

डेढ़ साल पुराना है वीडियो, अब हुआ वायरल
हैरानी की बात यह है कि यह घटना करीब डेढ़ साल पुरानी है, लेकिन 3 अप्रैल को जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर आया, पूरे इलाके में गुस्से की लहर दौड़ गई। खानपुर गुर्जर गांव के कारी साजिद हसन ने इस मामले में हिम्मत दिखाई और थाना गंगोह में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

मदरसा छोड़कर भागने की मिली सजा
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने जो वजह बताई, वह और भी चौंकाने वाली है। गिरफ्तार आरोपी जुनैद और शोएब ने कबूल किया कि बच्चा मदरसा छोड़कर भाग गया था, जिसे ‘सबक’ सिखाने के लिए उन्होंने इस तालिबानी सजा का सहारा लिया।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours